सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर माधोपाली के पास स्थित लात नाला में तेज बहाव के दौरान एक कार बह गई। कार में सवार प्रसिद्ध कारोबारी देवनारायण पटेल, उनकी पत्नी सविता पटेल और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। हादसे में दंपती लापता हैं, जबकि तीसरे व्यक्ति ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
तेज बहाव के बावजूद नाले में उतारी कार
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण लात नाला उफान पर था और पानी रपटे (कॉजवे) के ऊपर से बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज बहाव के बावजूद चालक ने कार को पार कराने का प्रयास किया। जैसे ही वाहन नाले के बीच पहुंचा, पानी के तेज बहाव ने कार का संतुलन बिगाड़ दिया और देखते ही देखते कार तेज धारा में बह गई।
कारोबारी दंपती का अब तक नहीं मिला सुराग
हादसे में लापता हुए देवनारायण पटेल स्थानीय स्तर पर देव ट्रेडर्स के संचालक बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी सविता पटेल भी कार में सवार थीं। घटना के बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहा।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलमग्न पुलों, रपटों और उफनते नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों से जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की भी अपील की गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लापता दंपती की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
