रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवा कांग्रेस नेता उपेंद्र भारती के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। महिला ने नेता पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, महिला रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के बकतरा गांव की रहने वाली है। उसने आरोप लगाया है कि उपेंद्र भारती ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में महिला ने संबंध से हुए बच्चों को स्वीकार नहीं करने और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं।
महिला की शिकायत के आधार पर मंदिर हसौद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है। बताया गया है कि पुलिस जब उसके निवास पर पहुंची, तो वह वहां नहीं मिला।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
