नई दिल्ली: राजधानी में महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों की सुरक्षा को नई मजबूती देने के लिए दिल्ली सरकार जल्द ही ‘सेफ दिल्ली ऐप’ लॉन्च करने जा रही है। दावा किया जा रहा है कि यह अत्याधुनिक मोबाइल ऐप किसी भी आपात स्थिति में एक सेकंड से भी कम समय में पुलिस कंट्रोल रूम तक SOS अलर्ट पहुंचाने में सक्षम होगा।इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि खतरे की स्थिति में मोबाइल को हाथ लगाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर द्वारा पहले से सेट किए गए वॉयस कमांड को बोलते ही ऐप एक्टिव हो जाएगा और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेज देगा।
- पुलिस को मिलेगी लाइव लोकेशन और वीडियो
अलर्ट के साथ पुलिस को पीड़ित की GPS लोकेशन, लाइव ऑडियो और लाइव वीडियो भी मिलेगा। इससे कंट्रोल रूम को घटनास्थल की वास्तविक स्थिति का तुरंत पता चल सकेगा और पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सकेगी।
- परिवार को भी तुरंत मिलेगी सूचना
आपात स्थिति में ऐप केवल पुलिस को ही नहीं, बल्कि पहले से दर्ज किए गए परिवार के सदस्यों या भरोसेमंद लोगों को SMS और WhatsApp के जरिए भी तुरंत सूचना भेजेगा। इससे पीड़ित को एक साथ कई स्तर पर मदद मिल सकेगी।
- महिलाओं, छात्रों और बुजुर्गों के लिए होगा खास
अधिकारियों के अनुसार यह ऐप विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा जो देर रात घर लौटती हैं, उन छात्राओं के लिए जो सुनसान रास्तों से गुजरती हैं और उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए जो घर में अकेले रहते हैं।
- अपराध पर लगेगी लगाम
सरकार का मानना है कि यह ऐप छेड़छाड़, स्टॉकिंग, लूटपाट, चेन स्नैचिंग और बुजुर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाएगा। लाइव वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग से अपराधियों की पहचान और जांच में भी पुलिस को काफी मदद मिलेगी।
- पायलट प्रोजेक्ट रहा सफल
दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिले में ‘सेफ दिल्ली ऐप’ का पायलट प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इसकी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, ऐप को मंजूरी देने के लिए कैबिनेट प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसे आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जा सकता है।
