इस्लामाबाद/काबुल: पाकिस्तान ने रविवार देर रात अफगानिस्तान के भीतर बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाया। पाकिस्तानी सेना और वायुसेना ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत पक्तिया, पक्तिका और कुनार में कथित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तान का दावा है कि इस अभियान में 29 आतंकवादी मारे गए, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इन हताहतों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया। पहले जमीनी बलों ने सीमा से लगे संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई की, जिसके बाद वायुसेना ने हवाई हमले कर कई ठिकानों को निशाना बनाया।
- कराची हमले के बाद हुई कार्रवाई
यह सैन्य अभियान कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर हुए हमले के एक दिन बाद सामने आया। उस हमले में 6 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 3 रेंजर्स जवान शामिल थे। हालांकि किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की संलिप्तता की आशंका जता रही हैं।
- पाकिस्तानी सरकार का बयान
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई हाल के दिनों में खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची में हुए आतंकी हमलों के जवाब में की गई। उनके अनुसार, हवाई अभियान का उद्देश्य उन चरमपंथी ठिकानों को निशाना बनाना था, जहां से पाकिस्तान के खिलाफ हमलों की योजना बनाई जा रही थी।
- सीमा पर बढ़ा तनाव
पक्तिया, पक्तिका और कुनार अफगानिस्तान के पूर्वी सीमा क्षेत्र में स्थित हैं और पाकिस्तान लंबे समय से इन इलाकों में पाकिस्तान विरोधी आतंकी संगठनों की मौजूदगी का आरोप लगाता रहा है। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव लगातार बढ़ा है।
- अफगानिस्तान की प्रतिक्रिया का इंतजार
हमले के बाद अब सभी की नजर अफगानिस्तान की प्रतिक्रिया पर है। फिलहाल अफगान प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता पर पड़ सकता है.
