डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
अचानक लापता हुई थी नाबालिग
पुलिस के मुताबिक, चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र में 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 11:30 बजे नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 3 अक्टूबर को चिचोला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर पूछताछ करने के साथ ही तकनीकी जानकारी के आधार पर भी पतासाजी शुरू की।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घर पर दी दबिश
पुलिस की लगातार जांच के दौरान 5 अक्टूबर को सूचना मिली कि नाबालिग को ग्राम खपरीकला निवासी 21 वर्षीय पुनीत यादव के घर में रखा गया है। सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने पुनीत यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग को मोटरसाइकिल से अपने घर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले में सामने आए तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।
मोबाइल और बाइक जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल CG 04 ML 9817 जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। नाबालिग की बरामदगी के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपी के खिलाफ आगे कौन-कौन सी वैधानिक धाराएं लागू होती हैं। नाबालिग की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है।
