रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर भगवान शिव और शिवलिंग को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं में नाराजगी है। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत सौंपी और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जताई आपत्ति
भाजपा प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि हंसराज गोयल नामक व्यक्ति के फेसबुक अकाउंट से भगवान शिव और शिवलिंग को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रायपुर निवासी अरुण पन्नालाल ने कथित तौर पर उक्त पोस्ट पर अशोभनीय टिप्पणी की।
भाजपा नेताओं ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और सामाजिक सौहार्द पर भी असर पड़ने की आशंका है।
सावन के दौरान सामने आया मामला
फिलहाल सावन का महीना चल रहा है और प्रदेशभर के शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। ऐसे समय में सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई कथित टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस से गिरफ्तारी की मांग
भाजपा नेता अमित चिमनानी और भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
