मुंबई: दिल्ली में चल रहे CJP छात्र आंदोलन की गूंज अब मुंबई तक पहुंच गई है। छात्रों के समर्थन में मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया। हाथों में तिरंगा और पोस्टर लिए छात्रों ने NEET पेपर लीक विवाद और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।मुंबई में बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए अब सभी की नजरें 26 जुलाई को होने वाले तिरंगा मार्च पर टिकी हैं। इस मार्च को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने साफ कर दिया है कि यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा।
राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि मार्च में किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं होगा और न ही किसी नेता के समर्थन में नारे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य केवल सरकार की कार्रवाई का विरोध करना और देशभर के छात्रों एवं युवाओं के प्रति समर्थन जताना है।
शिवसेना और MNS का संयुक्त तिरंगा मार्च
26 जुलाई को शिवसेना (UBT) और MNS की ओर से संयुक्त रूप से तिरंगा मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक साथ नजर आएंगे। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने भी इस आंदोलन में शामिल होने का ऐलान किया है।मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे, MNS नेता अमित ठाकरे, उद्धव ठाकरे, संजय राउत और अन्य नेताओं ने छात्रों का समर्थन किया। महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी भी प्रदर्शन में पहुंचे और छात्रों का हौसला बढ़ाया।
छात्रों के समर्थन में बढ़ा आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बाद मुंबई में भी छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से न्याय की मांग करते हुए कई पोस्टर और नारे लगाए।छात्रों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर कानूनी कदम भी उठाया है। प्रदर्शनकारियों की ओर से मुंबई पुलिस को नोटिस भेजकर हिरासत और कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा गया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जवाब नहीं मिलने पर वे हाई कोर्ट का रुख करेंगे। वहीं, वरिष्ठ वकील सतीश मानशिंदे ने छात्रों को कानूनी सहायता देने की बात कही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस समेत VIP की सुरक्षा बढ़ी
मुंबई में प्रस्तावित तिरंगा मार्च और बढ़ते विरोध प्रदर्शन को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ बंगले समेत कई मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के आवासों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शिक्षा मंत्री दादा भुसे के सरकारी आवास की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
इसके अलावा मंत्रालय परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रवेश द्वारों पर जांच सख्त कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रविवार को बड़ी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।अब सभी की निगाहें 26 जुलाई के तिरंगा मार्च पर हैं, जहां ठाकरे बंधु लंबे समय बाद एक मंच पर नजर आएंगे।
