रायपुर। रायपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में गौरव हेपट घटना के बाद से लगातार फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम को उसकी तलाश में लगाया गया।
टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर गौरव हेपट को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में गौरव हेपट ने खुलासा किया कि फरारी के दौरान वह दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी के विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस अब उन सभी ठिकानों और उन लोगों की जांच कर रही है, जिन्होंने फरारी के दौरान आरोपी की मदद की या उसे शरण दी।
पुलिस के मुताबिक, गौरव हेपट थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और फरारी के दौरान मिली सहायता की भी गहन जांच कर रही है।
