रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से नागपुर जा रही एक एसयूवी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी में सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 4 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, एसयूवी में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि एसयूवी ट्रक में बुरी तरह फंस गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दो JCB की मदद से निकाले गए फंसे लोग
टक्कर के बाद एसयूवी ट्रक में फंस गई थी, जिसके चलते उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाया। वाहन को ट्रक से अलग करने के लिए दो JCB मशीनों की मदद ली गई।
काफी प्रयास के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए तीन लोगों को उपचार के लिए साकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच जारी है।
