पटना। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वीडियो को लेकर बड़ा दावा करते हुए इसे फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए छेड़छाड़ की गई है और यह नीतीश कुमार का वास्तविक बयान नहीं है।प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि नीतीश कुमार खुद किसी भी पत्रकार के सामने आकर वही बात दोहरा देते हैं, जो वीडियो में दिखाई जा रही है, तो वह तुरंत बांकीपुर उपचुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेंगे।
‘नीतीश कुमार का वीडियो पूरी तरह फर्जी’
प्रशांत किशोर ने कहा कि एनडीए की ओर से जारी किए गए वीडियो को ध्यान से देखने पर साफ पता चलता है कि उसमें तकनीकी छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में फायदा लेने के लिए ऐसे तरीकों का सहारा ले रही है।उन्होंने कहा, “मुद्दा यह नहीं है कि वीडियो में क्या कहा गया है, बल्कि सवाल यह है कि क्या यह वीडियो असली है या नहीं। बांकीपुर की जनता अपना मन बना चुकी है और वह सच्चाई को समझ रही है।”
‘नीतीश कुमार सामने आकर बयान दें तो छोड़ दूंगा चुनाव’
प्रशांत किशोर ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वास्तव में वह बयान दिया है, तो वह अपनी पसंद के किसी भी पत्रकार के सामने आकर उसे दोहरा दें। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर वह बिना देरी किए अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेंगे।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी चुनाव को लेकर दबाव में है और ऐसे हथकंडों से कोई फायदा नहीं होने वाला है।
बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। जनसुराज की ओर से प्रशांत किशोर मैदान में हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में भी पार्टी नेताओं ने प्रचार तेज कर दिया है।
भाजपा के समर्थन में नितिन नवीन ने संभाला मोर्चा
भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के प्रचार के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खुद मैदान में उतरे। उन्होंने रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बांकीपुर उनका अपना क्षेत्र है और यहां भाजपा को मजबूत समर्थन मिल रहा है।उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।बांकीपुर उपचुनाव अब आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी के कारण और अधिक रोचक हो गया है। सभी दल मतदाताओं को साधने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
