दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित एक PG में 26 वर्षीय छात्र चित्रेश सहारे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना हैरिटेज स्कूल के पीछे स्थित PG में हुई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सिगरेट मांगने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर चित्रेश सहारे अपने दोस्त रवि के PG रूम में एक महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान PG में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। महिला मित्र के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने की बात को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया।
पैर और जांघ में चाकू लगने से गंभीर घायल
चाकू के हमले में चित्रेश के पैर और जांघ में गंभीर चोट आई। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
दो आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस वजह से बढ़ा और चाकू से हमला किस परिस्थिति में किया गया।
एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौके से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
