लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक के इस बजट में प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति देने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और लाखों मानदेय कर्मियों के लिए कई अहम घोषणाएं होने की संभावना है।सरकार का यह अनुपूरक बजट आगामी विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेशवासियों को राहत और विकास योजनाओं का बड़ा संदेश देने वाला माना जा रहा है। विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना दोपहर 12:20 बजे बजट पेश करेंगे, जबकि विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य इसे प्रस्तुत करेंगे। बजट पेश होने से पहले कैबिनेट बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी।
युवाओं के लिए नई योजना
बजट में ‘युवा समग्र विकास योजना’ की घोषणा की जा सकती है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
किसानों को मिल सकती है बड़ी सौगात
सरकार किसानों के हित में भी कई महत्वपूर्ण फैसले ले सकती है। मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि में 2,000 रुपये की बढ़ोतरी के लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान किए जाने की संभावना है। इसके अलावा कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को भी अतिरिक्त धन मिल सकता है।
9.5 लाख मानदेय कर्मियों को राहत
अनुपूरक बजट में प्रदेश के 9.5 लाख से अधिक मानदेय कर्मियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा संभव है। इसका लाभ करीब:
- 3.80 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं,
- 1.63 लाख आशा कार्यकर्ताओं,
- 3.50 लाख रसोइयों,
- 60 हजार ग्राम चौकीदारों
को मिल सकता है।
विकास परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
सरकार नए लिंक एक्सप्रेसवे, सड़क परियोजनाओं और राज्य मार्गों के निर्माण के लिए बड़ी धनराशि आवंटित कर सकती है। गंगा एक्सप्रेसवे समेत अन्य एक्सप्रेसवे के किनारे हरित विकास और औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने पर भी विशेष जोर रहने की संभावना है। बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मथुरा सहित कई प्रमुख स्थलों के लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया जा सकता है।
वकीलों के कैशलेस इलाज की योजना
बजट में अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा शुरू करने हेतु भी धन आवंटित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मूल बजट की थीम को मिलेगा विस्तार
सरकार ने वर्ष 2026-27 का 9.12 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान” थीम पर पेश किया था। अब अनुपूरक बजट के माध्यम से इसी थीम को आगे बढ़ाते हुए विकास और जनकल्याण योजनाओं को अतिरिक्त वित्तीय समर्थन दिए जाने की उम्मीद है।
