नई दिल्ली/भोपाल/पटना, 30 जुलाई। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीटों पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखी जा रही है।
दतिया में 11 बजे तक 34.31% मतदान
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक 34.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तेज उमस के बावजूद मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला।
नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान
पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा,”आज मौसम में काफी उमस है। एयर-कंडीशंड कमरे में होने के बावजूद पसीना आ रहा है, लेकिन दतिया की माताओं, बहनों और बेटियों की परंपरा रही है कि वे घर के काम निपटाने के बाद मतदान करने जरूर निकलती हैं। मुझे विश्वास है कि इस बार भी मतदान अच्छा होगा और भारतीय जनता पार्टी की जीत तय है।”
उन्होंने आगे कहा कि दतिया में भाजपा की जीत विकास की नई गति सुनिश्चित करेगी।
बांकीपुर में 11 बजे तक 11.50% मतदान
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
RJD का BJP पर गंभीर आरोप
राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बांकीपुर उपचुनाव में धर्मनिरपेक्ष वोटों में सेंध लगाने का झूठा नैरेटिव तैयार कर रही है।शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके कथित नए सहयोगी दल के बीच अंदरूनी समझ बनी हुई है, जिसका उद्देश्य मतदाताओं के बीच भ्रम फैलाना है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में राजद को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और जनता किसी भी तरह के राजनीतिक षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी।
कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी
तीनों विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।
