दुर्ग/पाटन। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में शराब दुकान के अहाते में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय युवक रुपेश वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम फुंडा निवासी रुपेश वर्मा पाटन स्थित शराब दुकान के अहाते में काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवक और रुपेश के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की ओर ले गया, जहां करीब आधे घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान रुपेश के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
मारपीट की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रुपेश को पाटन अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
संदिग्ध युवक से पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट के आरोपी युवक का संबंध ग्राम चीचा से बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उसके नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पाटन थाना पुलिस ने संदिग्ध युवक को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, मारपीट में कितने लोग शामिल थे और युवक की मौत किन चोटों के कारण हुई।
पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
