अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कोल कारोबारी से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे स्टील कारोबारी सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों कारोबारियों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एफआईआर के बाद से वह फरार था।
कारोबार के लिए मांगी थी करोड़ों की रकम
जानकारी के मुताबिक जय हनुमान कोलडिपो, मारुति मिनरल्स और जय हनुमान रोड लाइंस के संचालक राहुल गोयल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल से उनका पुराना परिचय था। सुजीत ने कारोबार में आर्थिक जरूरत बताते हुए राहुल गोयल से रकम मांगी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच अलग-अलग फर्मों के माध्यम से कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये दिए गए थे। बाद में आरोपी ने जय हनुमान कोलडिपो के खाते में 1 करोड़ 78 लाख रुपये और मारुति मिनरल्स के खाते में 94 लाख रुपये वापस किए।
रकम वापसी के बदले जमीन का दिया भरोसा
पुलिस के अनुसार, रकम लौटाने के बाद भी शिकायतकर्ता की करीब 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये की राशि बकाया थी। राहुल गोयल का आरोप है कि इस रकम के बदले सुजीत जायसवाल ने उत्तर प्रदेश के दुद्धी स्थित आश्रम मोड़ में जमीन खरीदकर उसकी रजिस्ट्री उनके नाम कराने का भरोसा दिया था।
इसके साथ ही जमीन पर धर्मकांटा स्थापित करने की बात भी कही गई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी के कहने पर 5 से 11 मार्च 2022 के बीच जमीन पर आहाता और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में करीब 26 लाख रुपये खर्च किए गए। वहीं 12 जुलाई 2022 को करीब 5 लाख 48 हजार 700 रुपये खर्च कर धर्मकांटा भी खरीदा गया।
बकाया रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप
राहुल गोयल का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद जब उन्होंने बकाया रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री कराने और धर्मकांटा वापस करने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि रकम मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और 24 मार्च 2026 को फोन पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
इसके बाद राहुल गोयल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 12 जून 2026 को सुजीत जायसवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया।
गुदरी चौक से पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी सुजीत जायसवाल फरार चल रहा था। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कोतवाली पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी के गुदरी चौक क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुदरी चौक से सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच और अन्य संबंधित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
