रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित फिरौती मांगने और धमकी देने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला सामने आया है। जानकारी लीक करने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने दो आरक्षकों को लाइन अटैच किया है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को लाइन अटैच किया गया है। दोनों पर पुलिस की कार्रवाई और गोपनीय जानकारी को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम शोएब ढेबर की तलाश में रायपुर शहर के अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया।
पुलिस को खम्हारडीह स्थित शोएब ढेबर के निवास पर उसके छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो चुका था। इसके चलते पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस कार्रवाई से जुड़ी गोपनीय जानकारी आरोपी तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के लिए अदालत से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस टीम ने शहर में करीब आधा दर्जन संभावित स्थानों पर दबिश दी है। इसके अलावा आरोपी के दूसरे राज्य में भागने की आशंका को देखते हुए उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी तक पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी कैसे पहुंची। इसी सिलसिले में दोनों आरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल शोएब ढेबर की तलाश जारी है और पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।
