एमसीबी। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी में हल्दीबाड़ी घड़ी चौक के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शराब दुकान के सामने अचानक जमीन का एक हिस्सा धंस गया। जमीन धंसने के बाद मौके से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान एक बाइक भी धंसी हुई जमीन में फंस गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसईसीएल की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए अंग्रेजी और देशी शराब की दोनों दुकानों को तत्काल बंद करा दिया गया। वहीं, प्रभावित क्षेत्र के आसपास रहने वाले परिवारों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया गया।
बताया जा रहा है कि हल्दीबाड़ी घड़ी चौक के पास सड़क किनारे अचानक जमीन का एक हिस्सा नीचे धंस गया। इसके बाद वहां से धुआं निकलता नजर आया। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को लोगों से खाली कराया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में पहले भी जमीन से गैस निकलने और जमीन से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में अचानक जमीन धंसने और धुआं निकलने की घटना के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एसईसीएल से पूरे क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के महापौर और आयुक्त के साथ एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस बल तथा एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और लोगों को प्रभावित हिस्से से दूर किया। इसके बाद जेसीबी की मदद से धंसी हुई जमीन को भरने का काम शुरू कराया गया।
फिलहाल प्रशासन और एसईसीएल की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन धंसने और धुआं निकलने के वास्तविक कारण का पता तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।
