कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा होते-होते टल गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कार्बन फैक्ट्री के बॉयलर में अचानक हुए भीषण विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हादसे के समय फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे करीब 30 से 40 मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट फैक्ट्री के बॉयलर में हुआ, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। संबंधित विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हुए हैं। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और नियमित तकनीकी निरीक्षण की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
