नगरी। नगरी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सांकरा से घठुला, बेलरगांव होते हुए जैतपुरी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क के चलते दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
यह मार्ग नगरी से सांकरा होते हुए कांकेर क्षेत्र को जोड़ता है। महत्वपूर्ण मार्ग होने के कारण यहां बस, ट्रक, मेटाडोर समेत बड़ी संख्या में चारपहिया वाहनों की आवाजाही होती है। लेकिन सड़क की खराब हालत वाहन चालकों के लिए भी परेशानी और जोखिम का कारण बनी हुई है।
वर्ष 2003-04 में हुआ था डामरीकरण
ग्रामीणों के अनुसार सड़क का डामरीकरण वर्ष 2003-04 के आसपास किया गया था। इसके बाद दो दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सड़क का अपेक्षित रखरखाव नहीं हो सका। लंबे समय से मरम्मत के अभाव में सड़क की स्थिति लगातार खराब होती चली गई।
वर्तमान में सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में गिट्टी और मिट्टी डालकर अस्थायी मरम्मत की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यवस्था कुछ दिनों तक ही राहत देती है, इसके बाद सड़क दोबारा उसी स्थिति में पहुंच जाती है। बारिश के दिनों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
आश्वासन बहुत, स्थायी समाधान अब तक नहीं
ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर सड़क के स्थायी निर्माण को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की जा चुकी है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष समस्या रखने के बावजूद अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। वर्षों से सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क की वास्तविक स्थिति का शीघ्र निरीक्षण कराकर सांकरा-घठुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग का नए सिरे से निर्माण कराया जाए। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
