फरसगांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक में सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल में हुई इस वारदात में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ आरोपी परिवार की एक महिला से प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पहले से रंजिश थी। इसी कथित रंजिश के चलते हत्या की योजना बनाई गई।
जंगल में घात लगाकर बैठे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल, साइबर टीम, थाना बड़ेडोंगर और रिजर्व केंद्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कथित तौर पर हत्या की योजना और वारदात से जुड़ी जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात आरोपियों को सरपंच के गांव आने की जानकारी मिली थी। इसके बाद मिट्ठू राम नेताम समेत सातों आरोपी पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल के पास घात लगाकर बैठ गए।
हाथ बांधकर की मारपीट
पुलिस के मुताबिक, सरपंच के मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद थप्पड़, चप्पल, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की गई।
पुलिस जांच के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपियों ने सरपंच को बंधक बनाकर रखा। घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर उसे कंबल से ढंक दिया गया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहे और सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मौके से फरार हो गए।
सुबह परिजनों को सरपंच घायल अवस्था में मिला। इसके बाद उसे उपचार के लिए फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या में इस्तेमाल डंडा और लोहे की रॉड बरामद
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(2) और 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक आरोपी मिट्ठू राम नेताम के मेमोरेंडम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे और लोहे की रॉड बरामद की गई है।
पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नब्बू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) शामिल हैं। सभी आरोपी मोहपाल गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
1 अक्टूबर को हुई सातों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, सातों आरोपियों को 1 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मौर्य के साथ बड़ेडोंगर थाना पुलिस, साइबर टीम कोंडागांव और रिजर्व केंद्र कोंडागांव की टीम की भूमिका रही।
पुलिस अब मामले में वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
